स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों का 15 दिन में निस्तारण करें : निगम आयुक्त
जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम जयपुर के आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा के लिए सभी बैंकों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण के लंबित आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की गई।
बैठक में आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा, उपायुक्त श्यामलाल जांगिड़, जिला परियोजना अधिकारी गोपाललाल रेगर, जिला अग्रणी प्रबंधक गणेश कुमार तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बैंकवार लंबित प्रकरणों पर विशेष चर्चा की गई। जिन बैंकों में 100 से अधिक आवेदन लंबित पाए गए, उन्हें शीघ्र कार्रवाई कर प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में निगम आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अधिकतम ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा विशेष अभियान चलाकर अगले 15 दिनों के भीतर सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

