डॉक्टर्स डे पर एमडीएम हॉस्पिटल में किया पौधारोपण
जोधपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। डॉक्टर्स डे के अवसर पर आज एमडीएम अस्पताल की गैस्ट्रो बिल्डिंग के सामने एवं पीजी हॉस्टल के बाहर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कार्यक्रम में लगभग 15 फीट ऊंचाई के 11 पौधों का रोपण किया गया। ये सभी पौधे पर्यावरण प्रेमी एवं भामाशाह प्रमोद धानदिया द्वारा डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में भेंट किए गए।
समाजसेवी भवानी शंकर नायक एवं देवराज चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित के नेतृत्व में समारोह आयोजित हुआ, जिसमें अस्पताल के चिकित्सकों ने सेवा ही सर्वोपरि के भाव के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने वृक्षारोपण करते हुए आमजन से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रतीक है। एक चिकित्सक स्वयं कठिन परिस्थितियों में रहकर भी हजारों लोगों के जीवन की रक्षा करता है। इसी प्रकार हमें प्रकृति की रक्षा के लिए भी अपना योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. हरीश अग्रवाल, न्यूरो फिजिशियन डॉ. नवीन सीरवी, नर्सेज एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश जाट ने भी वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से इस मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

