home page

मथुरादास माथुर अस्पताल में गर्मी से राहत के लिए की विशेष व्यवस्था

 | 
मथुरादास माथुर अस्पताल में गर्मी से राहत के लिए की विशेष व्यवस्था


वेटिंग एरिया में टेंट, कूलर और आरामदायक कुर्सियों के साथ ठंडे पानी की मशीन लगाई

जोधपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। शहर में इस समय भीषण गर्मी का सामना किया जा रहा है और तापमान दिन में 45 डिग्री तक पहुंच चुका है। ऐसे में आमजन को गर्मी से राहत पहुंचाने के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल ने एक सराहनीय पहल की है। अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित के नेतृत्व में अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए वेटिंग एरिया में विशेष इंतजाम किए हैं।

अस्पताल में वेटिंग एरिया में टेंट लगाए गए हैं, जहां कूलर और आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार, अब मरीज और उनके परिजन गर्मी से राहत पाने के लिए आराम से बैठ सकते हैं। इसके अलावा, अस्पताल के सहायक प्रशासनिक अधिकारी विपिन पुरोहित ने जानकारी दी कि अस्पताल ने एक गार्डन में छायादार स्टैंड भी तैयार किया है, ताकि यहां आने वाले लोग बैठकर गर्मी से बच सकें। इसके साथ ही, गर्मी में पानी की कमी से बचने के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। अस्पताल ने यह सुनिश्चित किया है कि आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अस्पताल प्रशासन ने भामाशाहों के सहयोग से एक नए प्रतीक्षालय की भी व्यवस्था की है, जिसमें स्टील की कुर्सियां लगाई गई हैं। इस प्रतीक्षालय का उद्देश्य मरीजों को गर्मी के मौसम में आरामदायक इंतजार की सुविधा प्रदान करना है। इसके साथ ही अस्पताल में एक नया हीट स्ट्रोक आईसीयू भी शुरू किया गया है, जो विशेष रूप से हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए तैयार किया गया है।

उप अधीक्षक डॉ. पुष्पा परमार ने बताया कि इस आईसीयू में तापमान इस तरह से सेट किया गया है कि यहां आने वाले मरीजों को आरामदायक और प्रभावी इलाज मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश