एमबीए-एग्रीबिजनेस 2026 बैच के विद्यार्थियों को दी विदाई
जोधपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय की ओर से एमबीए- एग्रीबिजनेस 2026 बैच के विद्यार्थियों का विदाई समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मारवाड़ी कैटलिस्ट के संस्थापक एवं निदेशक सुशील शर्मा रहे।
समारोह में विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने कहा कि विदाई विद्यार्थियों के लिए नई मंजिलों की ओर उड़ान भरने का मौका होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जो संस्थान आपको जीवन में आगे बढऩे के लायक बनायें उसके प्रति सदैव शुक्रगुजार होना चाहिए। उन्होंने कहा जीवन में बेहतरीन अवसर मौजूद है खोजना आपको स्वयं है आप जितना खोजेंगे उतना आपको एक्स्पोजऱ मिलेगा। जीवन में कभी स्वयं को कमतर न आंके, हर विद्यार्थी भरपूर संभावनाओं से भरा होता है।
उन्होंने कहा जीवन में सपने देखना ना छोड़े, सपने आपको मंजिल की ओर बढऩे के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान अतिथि सुशील शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिसके जैसा बनना चाहो, सर्वप्रथम उसका सपना देखो, इससे आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी। छोटी स्तर से शुरुआत कर स्टार्टअप के क्षेत्र में बेहतरीन पोजीशन पर पहुंचे हुए लोगों की कहानी शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि इनोवेशन सिफऱ् सिलिकॉन वैली तक ही सीमित नहीं है। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मौजूद निदेशक, शिक्षा डॉ सुरेंद्र कुमार मूड ने कहा कि इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं, बाजार की मांग को देखते हुए विद्यार्थी नए आइडिया व इनोवेशन पर लगातार काम करें। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रबंधन संकाय की विशेषाधिकारी डॉ नलिनी रामावत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत व अपने लक्ष्य पर टिके होने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान प्लेसमेंट पाने वाले विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। समारोह में धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रशांत साहनी ने किया, मंच संचालन डॉ माया शर्मा ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

