home page

जयपुर की विरासत को संवारने की पहल, महापौर ने तालकटोरा-पौंडरिक पार्क का किया निरीक्षण

 | 
जयपुर की विरासत को संवारने की पहल, महापौर ने तालकटोरा-पौंडरिक पार्क का किया निरीक्षण


जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम जयपुर महापौर सुनील कोठारी ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही शहर की स्वच्छता, सुंदरता और विरासत संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ तालकटोरा एवं पौंडरिक पार्क का निरीक्षण कर मौके पर सफाई एवं रखरखाव व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तालकटोरा एवं पौंडरिक पार्क में सफाई व्यवस्था, टूटे हुए फव्वारों, क्षतिग्रस्त चबूतरों एवं अन्य जर्जर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। महापौर ने अधिकारियों को टूटे फव्वारों एवं चबूतरों की मरम्मत सहित आवश्यक रखरखाव कार्य प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख उद्यानों एवं पर्यटन स्थलों की सुंदरता केवल इनके स्वरूप से नहीं, बल्कि स्वच्छता, बेहतर रखरखाव और नागरिक सुविधाओं से भी सुनिश्चित होती है।

महापौर सुनील कोठारी ने तालकटोरा में विशेष स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से तालकटोरा की वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इसे व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही, तालकटोरा में नाव संचालन की व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने के भी निर्देश दिए, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जयपुर अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और विश्व प्रसिद्ध स्थापत्य के लिए जाना जाता है। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों, उद्यानों और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि जयपुर आने वाले पर्यटकों और शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर सुविधाओं वाला वातावरण उपलब्ध हो।

इस अवसर पर सांसद (शहरी) मंजू शर्मा, स्थानीय पार्षद सतीश शर्मा, रेणु खंडेलवाल एवं भगवती महावर सहित नगर निगम, स्मार्ट सिटी एवं संबंधित जोन के अधिकारी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व महापौर सुनील कोठारी ने सोमवार अलसुबह काले हनुमान जी मंदिर, गोविन्द देव जी मंदिर, श्री गोपीनाथ जी मंदिर एवं चांदपोल हनुमान जी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता और सुंदरता किसी भी शहर की पहचान को नई ऊंचाई देती है। जयपुर की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों की स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश