home page

केमिकल टैंकर में भीषण आग: टायर फटने से बना आग का गोला, लंबा जाम

 | 
केमिकल टैंकर में भीषण आग: टायर फटने से बना आग का गोला, लंबा जाम


अजमेर, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मांगलियावास क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ब्यावर से अजमेर की ओर आ रहा केमिकल से भरा टैंकर टायर फटने के बाद आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते टैंकर आग का गोला बन गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टायर फटने के तुरंत बाद टैंकर में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची मांगलियावास पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक लेन पर यातायात रोक दिया और रास्ता डायवर्ट किया। इसके बावजूद दोनों ओर करीब डेढ़ से दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, इनमें से तीन दमकलों का पानी खत्म हो गया, जिन्हें दोबारा पानी भरने के लिए भेजा गया है, जबकि दो दमकलें अभी भी आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग लगते ही टैंकर के ड्राइवर और खलासी ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर खुद बाहर निकल गए, जिससे जनहानि टल गई।

बताया जा रहा है कि टैंकर गुजरात से आ रहा था।

घटनास्थल पर पुलिस की समझाइश के बावजूद कई लोग अपनी जान जोखिम में डालते हुए जलते टैंकर के पास से दोपहिया वाहनों से गुजरते नजर आए, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। अजमेर ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित