home page

कपड़े के गोदाम में भीषण आग: चार दमकलों की मदद से पाया काबू

 | 
कपड़े के गोदाम में भीषण आग: चार दमकलों की मदद से पाया काबू


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। सोडाला थाना इलाके के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कपड़े के एक गोदाम में सोमवार रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार दमकलें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की घटना में गोदाम में रखा कपड़े का काफी माल जलकर राख हो गया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 22 गोदाम क्षेत्र स्थित किलोल हैंड ब्लॉक प्रिंट के गोदाम में सोमवार रात करीब 8:15 बजे अचानक आग लग गई। गोदाम की दूसरी मंजिल से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की लपटें तेज हो गईं। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।

नगर निगम के फायर ऑफिसर देवांग यादव ने बताया कि 22 गोदाम फायर स्टेशन पर रात 8:15 बजे इंडस्ट्रियल एरिया में कपड़े की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंचने पर पाया कि फैक्ट्री बंद थी और अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। आग की तीव्रता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी दमकलें मंगवाई गईं। इसके बाद गोदाम का ताला तोड़कर दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।

22 गोदाम फायर स्टेशन के ड्राइवर सत्यनारायण ने बताया कि आग बुझाने से पहले सुरक्षा के लिहाज से बिजली की लाइन को काटा गया। इसके बाद गोदाम का लॉक तोड़कर अंदर पहुंचा गया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हालांकि आग लगने से गोदाम में रखा कपड़े का माल काफी हद तक जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जबकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश