जयपुर के हाथोज में फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, 20 दमकलों की मदद से पाया काबू
जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। शहर के हाथोज क्षेत्र स्थित नारायण सिटी में गुरुवार रात एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग राधा रानी वाटर पार्क के पास स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में लगी, जिससे गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में फर्नीचर जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार आग लगने के समय गोदाम में करीब आधा दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। आग की लपटें उठते ही मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। वहीं फैक्ट्री परिसर में मौजूद 13 से अधिक बच्चे, महिलाएं और अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने गोदाम से उठती तेज लपटें देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने टैंकरों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
इसके बाद जयपुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 दमकलों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि गोदाम में फर्नीचर के साथ ज्वलनशील सामान और केमिकल भी रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए गेट के पास रखे सोफे और गैस सिलेंडर समय रहते बाहर निकाल लिए, जिससे बड़ा विस्फोट होने का खतरा टल गया।
सूचना मिलने पर खोरा बिसल थाना पुलिस के साथ कालवाड़ और करधनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से गोदाम के टीन तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और जलती आग के बीच से गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाले।
पुलिस के अनुसार यह फैक्ट्री रिहायशी इलाके में बिना नाम और बोर्ड के संचालित की जा रही थी। यदि समय रहते पुलिस और दमकल की टीम कार्रवाई नहीं करती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

