भिवाड़ी की मनु पेपर कोट कंपनी में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका
अलवर, 03 मई (हि.स.)। खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अजन्ता चौक की मनु पेपर कोट कंपनी में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों पर रखे कच्चे माल और तैयार उत्पाद इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग दोपहर में कंपनी परिसर में लगी और देखते ही देखते पहली तथा दूसरी मंजिल तक फैल गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पेपर और उससे संबंधित ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद, रीको तथा निजी कंपनियों की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब चार दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे हुए हैं, जबकि अतिरिक्त संसाधनों को भी बुलाया गया।
रीको फायर इंचार्ज राजू खान ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पेपर सामग्री होने के कारण आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है और पूरी तरह काबू पाने में अभी कई घंटे लग सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही यूआईटी थाना अधिकारी प्रदीप नेहरा सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस द्वारा भीड़ को नियंत्रित कर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग किया जा रहा है।
प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर नियंत्रण पाने में जुटी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

