home page

मरुधरा ब्लू सिटी फैशन शो सात जून को, पंजीकरण शुरु

 | 
मरुधरा ब्लू सिटी फैशन शो सात जून को, पंजीकरण शुरु


जोधपुर, 25 मई (हि.स.)। मरुधरा लोक कला और संगीत सेवा संस्थान के तीन साल पूरे होने पर विभिन्न प्रकार के आयोजन करने के लिए कार्यकारिणी की बैठक कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसके चलते जून माह में चार बड़े आयोजन करके राजस्थानी लोक कला के संरक्षण के साथ राजस्थानी लोक कलाकारों को व्यापक स्तर पर मंच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद संस्थान अध्यक्ष डॉ. स्वाति शर्मा ने बताया कि बैठक में डिंपल गौड़, रश्मि शर्मा, सुरभि शर्मा, अनिता गहलोत और सुनंदा पुरोहित मौजूद रही। संस्थान द्वारा आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में मरुधरा ब्लू सिटी फैशन शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसका आयोजन 7 जून को किया जाएगा। फैशन शो के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। आयोजन में पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और आधुनिक फैशन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस आयोजन की जिम्मेदारी प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर के रूप में रश्मि शर्मा को दी गई है। इसके अलावा 19, 20 और 21 जून को राजस्थान लोक कला उत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।

तीन दिवसीय इस महोत्सव में राजस्थानी लोकगीत, संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान लाइव लोक संगीत कंसर्ट का आयोजन भी होगा, जिसमें प्रदेश के ख्यातिप्राप्त लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। संस्थान द्वारा मरुधरा गौरव सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें कला, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को हर साल की तरह सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही राजस्थानी लोक कलाकार सम्मेलन का आयोजन कर लोक कलाकारों की समस्याओं, सुझावों एवं कला संरक्षण को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। तीन दिवसीय राजस्थानी लोक कला उत्सव के प्रथम दिन 19 जून को भव्य लाइव राजस्थानी लोक संगीत कंसर्ट आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकार अपनी लोक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत करेंगे। द्वितीय दिवस 20 जून को अंतर्राष्ट्रीय संगीत दिवस की पूर्व संध्या पर मरुधरा गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

समारोह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थानी लोक कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने वाले 11 विशिष्ट कलाकारों को मरुधरा गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उत्सव के अंतिम दिन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय संगीत दिवस के अवसर पर राजस्थानी लोक कलाकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेशभर के लोक कलाकार भाग लेकर कलाकारों के अधिकारों, समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विचार साझा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश