चलती ट्रेन में चोरी का खुलासा करने पर एएसआई बने ‘मैन ऑफ द मंथ’
जोधपुर, 12 जून (हि.स.)। चलती ट्रेन में सो रहे यात्रियों के मोबाइल और पर्स चोरी करने वाले दो शातिरों को पकडऩे में अहम भूमिका निभाने वाले रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार को मैन ऑफ द मंथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने शुक्रवार को उन्हें सम्मानित किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि 14 मई को ट्रेन संख्या 19224 जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस में नोखा-जोधपुर स्टेशनों के बीच जोधपुर आरपीएफ एएसआई अशोक कुमार सादे वेश में गश्त पर थे।
इसी दौरान कोच एस 6 से एक संदिग्ध युवक को दबोचा। उस पर सो रहे यात्रियों के मोबाइल और महिलाओं के पर्स चुराने का आरोप था। इसी बीच कोच एस 1 के यात्रियों ने रेल मदद पर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पकड़े गए आरोपी से मिले सुराग पर उसके दूसरे साथी को भी उसी ट्रेन से हिरासत में ले लिया गया। दोनों के कब्जे से चोरी के मोबाइल, चार्जर, नकदी और एक महिला का पर्स बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपिताें ने अलग-अलग कोचों से सामान चुराना कबूल किया। दोनों को जीआरपी मेड़ता रोड के हवाले कर दिया गया। सम्मान के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त(आरपीएफ) नीतिश शर्मा समेत मंडल के अधिकारी मौजूद रहे
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

