home page

बच्चों को स्विमिंग सिखाने गए पिता की कुंड में डूबने से मौत

 | 
बच्चों को स्विमिंग सिखाने गए पिता की कुंड में डूबने से मौत


उदयपुर, 28 मई (हि.स.)। उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अपने बच्चों को स्विमिंग सिखाने गए पिता की कुंड में डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान युवक करीब 10 मिनट तक पानी में जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।

घटना सुबह करीब 7 बजे महासतिया स्थित गंगू कुंड की है। मृतक की पहचान 41 वर्षीय दुर्गा शंकर सालवी पुत्र हीरालाल सालवी निवासी ठोकर चौराहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दुर्गा शंकर अपने बच्चों को स्विमिंग सिखाने के लिए कुंड पर लेकर आए थे। बच्चे पानी में तैराकी कर रहे थे, जबकि दुर्गा शंकर सीढ़ियों पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पास खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसके बाद दुर्गा शंकर काफी देर तक पानी में छटपटाता रहा। मौके पर मौजूद 20 से 30 लोग यह सब देखते रहे, लेकिन किसी ने भी पानी में उतरकर बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई।सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालकर सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सिविल डिफेंस सदस्य कैलाश मेनारिया के अनुसार मृतक को तैरना नहीं आता था। गंगू कुंड में स्विमिंग की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद यहां रोजाना 30 से 40 लोग तैरने आते हैं। हैरानी की बात यह है कि यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम मौजूद नहीं हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता