ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत: तीन टुकडों में रेलवे ट्रेक पर पड़ा मिला शव
जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। हरमाड़ा थाना इलाके में स्थित बेनाड रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे ट्रेक पर शव के तीन टुकड़े पड़े देख स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को लेकर सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। पुलिस ने आसपास के स्थानीय लोगों और गुमशुदगी के आधार पर मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास किए। लेकिन पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी। पुलिस ने मर्ग कर मृतक के परिजनों की तलाश शुरु कर दी है।
हेड कॉन्स्टेबल गोपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात 12 बजे बेनाड़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर एक युवक के अलग-अलग टुकड़े पड़े होने की सूचना मिली।सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के तीन टुकड़ों को अलग-अलग जगह से उठाया और उसकी शिनाख्तगी के प्रयास किए। सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

