home page

माल के खेड़ा पशु चिकित्सालय होगा प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत

 | 
माल के खेड़ा पशु चिकित्सालय होगा प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के माल के खेड़ा स्थित पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक गोपाल लाल शर्मा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश के 50 पशु चिकित्सालयों को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में माल के खेड़ा पशु चिकित्सालय को भी क्रमोन्नत किया जाएगा।

इससे पहले विधायक गोपाल लाल शर्मा के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में पशुपालन मंत्री ने बताया कि राज्य में पशु चिकित्सा संस्थानों का क्रमोन्नयन आवश्यकता तथा उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के आधार पर किया जाता है।

उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चरणबद्ध तरीके से पशु चिकित्सा संस्थानों को सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित