home page

भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाने का आह्वान

 | 
भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाने का आह्वान


बीकानेर, 02 अगस्त (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच जोधपुर प्रांत विचार वर्ग का द्वितीय दिवस विभिन्न सत्रों से होते हुए संपन्न हुआ। अंतिम सत्र में हरियाणा प्रांत के स्वदेशी जागरण मंच के संगठक कुलदीप ने बताया कि किस प्रकार मानसिकता परिवर्तन कर प्रचार तंत्र के सदुपयोग द्वारा स्वदेशी के अभियान को आगे बढ़ाया जा सकता है। स्वदेशी जागरण मंच आगामी महीनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें मैं भी स्वदेशी समर्थक अभियान,1 अगस्त से 20 अगस्त तक उद्यमिता प्रोत्साहन अभियान, 21 अगस्त से 20 अक्टूबर तक, स्वदेशी सप्ताह 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक तथा स्वदेशी मेला अक्टूबर माह में आयोजित किया जाएगाl

वक्ता डॉक्टर कृष्ण अवतार गोयल ने युवा जनसंख्या भारत के विकास के आधार विषय पर अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि रामाचार्य जी महाराज जैसला मठ मुकाम, राष्ट्रीय सहसंयोजक अजय पत्की, धर्म प्रकाश पूर्व सदस्य राष्ट्रीय परिषद स्वदेशी जागरण मंच, सतीश आचार्य क्षेत्रीय संयोजक, भागीरथ जी खीचड़ राष्ट्रीय कृषि प्रकोष्ठ प्रमुख स्वदेशी जागरण मंच रहे।

संत रामाचार्य जी ने कार्यक्रम के समापन भाषण में स्व की शक्ति के महत्व को समझाते हुए स्वदेश के लिए जीना व स्वावलंबी भारत बनाने का मंत्र दिया तथा स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाने का आह्वान किया।

प्रांत विचार वर्ग समापन पर वक्तव्य जारी करते हुए महानगर संयोजक आदित्य बिश्नोई ने कहा कि दो दिवसीय जोधपुर प्रांत विचार वर्ग नवीन ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ तथा सभी कार्यकर्ताओं ने नई उमंग के साथ स्वदेशी के विषय को समाज में ले जाने व देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास का प्रण लिया।

प्रांत विचार प्रमुख अशोक जोशी ने बीकानेर महानगर में जल्दी ही एक स्वदेशी स्टोर खोलने का प्रस्ताव रखा जिससे लोग इस विषय को समझ सकेंगे व स्वदेशी उत्पाद खरीद सकेंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव