home page

एसएमएस अस्पताल में बड़ा हादसा: जर्जर भवन का छज्जा गिरा, मलबे में दबने से एक की मौत

 | 
एसएमएस अस्पताल में बड़ा हादसा: जर्जर भवन का छज्जा गिरा, मलबे में दबने से एक की मौत


जयपुर, 30 मई (हि.स.)। राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चरक भवन के पास स्थित डॉक्टर्स सेमिनार हॉल की जर्जर इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घायल को ट्रॉमा सेंटर में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। चरक भवन के निकट बने डॉक्टर्स सेमिनार हॉल भवन का कुछ हिस्सा काफी समय से जर्जर अवस्था में था। भवन की स्थिति को देखते हुए इसके उपयोग को सीमित कर दिया गया था। इसी दौरान भवन का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय दो व्यक्ति भवन के नीचे छाया में आराम कर रहे थे। छज्जा गिरते ही दोनों मलबे की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों और अस्पताल कर्मियों ने तुरंत दोनों को बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

इलाज के दौरान एक घायल सागर (40) निवासी केकड़ी की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल बाबूलाल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायल बाबूलाल ने बताया कि वह और सागर अस्पताल परिसर के पास चल रहे एक भंडारे में भोजन करने के बाद छाया में आराम करने के लिए सेमिनार हॉल की इमारत के नीचे आकर सो गए थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से पत्थर और मलबा गिरने लगा। उन्होंने बताया कि सागर को गंभीर चोटें आई थीं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे।

अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के अनुसार दोनों व्यक्ति खाना खाने के बाद भवन के नीचे विश्राम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे ने अस्पताल परिसर में मौजूद जर्जर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश