महिला शिक्षा और सामाजिक जागरूकता में फुले का योगदान ऐतिहासिक : मुख्यमंत्री
जयपुर, 08 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर कहा कि ज्योतिबा फुले ने समाज सुधार, महिला शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा की जो अलख जगाई, उसने भारतीय समाज को नई दिशा प्रदान की।
मुख्यमंत्री जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर महात्मा फुले की 200वीं जयंती देशभर में दो वर्षों तक मनाई जाएगी। यह राष्ट्रीय उत्सव 11 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 11 अप्रैल 2028 तक चलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, महिला सशक्तीकरण और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने घोषणा की कि राजस्थान सरकार प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में सावित्रीबाई फुले ई-लाइब्रेरी स्थापित करेगी। साथ ही सभी जिलों में महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय खोले जाएंगे तथा 16 नए सावित्रीबाई फुले छात्रावास भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
हिंडौली में महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले की जीवनी पर आधारित पैनोरमा और पुस्तकालय निर्माण का भी संकल्प लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने माली समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज धरती पुत्र के रूप में जाना जाता है और कृषि विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसानों को पारंपरिक खेती से आधुनिक और स्मार्ट खेती की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 6 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जबकि राजस्थान सरकार ने इसमें 3 हजार रुपये की अतिरिक्त वृद्धि कर कुल सहायता 9 हजार रुपये कर दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राजस्थान देश में सबसे अधिक 2 करोड़ 19 लाख पॉलिसियां जारी करने वाला राज्य बना है। साथ ही किसानों को गेहूं पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त बोनस, दिन में बिजली आपूर्ति, सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, पशु बीमा और ग्रीन हाउस जैसी योजनाओं से व्यापक लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, सांसद मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सैनी समाज के लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा फुले के विचार आज भी सामाजिक समरसता, शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रेरणास्रोत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

