home page

महंत ने श्रद्धालु पर तलवार से किया हमला, साधु सहित दो घायल

 | 
महंत ने श्रद्धालु पर तलवार से किया हमला, साधु सहित दो घायल


नागौर, 07 मई (हि.स.)। जिले के मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र के खुड़खुड़ा गांव में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां धूणी स्थल के महंत ने एक श्रद्धालु पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आए एक साधु को भी चोटें आईं। घटना के बाद आरोपित महंत मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

खुड़खुड़ा गांव स्थित श्रीपंचदशनाम जुना अखाड़ा 14 गढ़ी महंत लक्ष्मणगिरी महाराज की धूणी पर बुधवार रात एक दिवंगत साधु के भंडारे का आयोजन चल रहा था। इस दौरान अन्य साधु-संतों और ग्रामीणों की मौजूदगी में वर्तमान महंत मंगलगिरी अपने कमरे से तलवार और पिस्टलनुमा हथियार लेकर बाहर आए और वहां बैठे लोगों पर हमला कर दिया।

घायल श्रद्धालु छोटाराम माली ने बताया कि वह धूणी के पास बैठा हुआ था, तभी महंत मंगलगिरी पीछे से आए और उस पर तलवार से वार कर दिया। हमले में उसके सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं। वार के बाद वह बेहोश हो गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे साधु ओंकारगिरी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में चोटें आईं।

सूचना मिलते ही मारवाड़ मूंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

एएसआई जगदीश सिंह ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मूंडवा सीएचसी में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपित की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित महंत मंगलगिरी और ग्रामीणों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज का डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित