भक्ति और उल्लास के बीच निकली भगवान श्रीराम की पारंपरिक रथयात्रा
जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी में आषाढ़ की तीज (आसा डी दसरावे) के पावन अवसर पर गुरुवार को भगवान श्रीराम की पारंपरिक रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जय श्रीराम के जयघोष और भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
रथयात्रा से पहले भगवान श्री ठाकुरजी का आकर्षक राजसी श्रृंगार किया गया। उन्हें सुनहरे रंग का पारंपरिक जामा, स्वर्ण मुकुट और मोतियों की माला धारण कराकर ऐतिहासिक रथ में विराजमान किया गया। इसके बाद परंपरानुसार मंदिर परिसर में रथयात्रा निकाली गई।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। महाआरती के समय घंटे-घड़ियालों की मंगलध्वनि से पूरा वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आरती में भाग लिया।
इस अवसर पर भगवान को आमरस, चावल, कढ़ी, मूंग और चपाती का विशेष राजभोग अर्पित किया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर के महंत नरेंद्र तिवारी ने बताया कि आषाढ़ की तीज पर निकलने वाली यह पारंपरिक रथयात्रा मंदिर की प्राचीन धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

