home page

मृतक प्रसूताओं के परिजनों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सौंपे 5-5 लाख रुपये के चेक

 | 
मृतक प्रसूताओं के परिजनों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सौंपे 5-5 लाख रुपये के चेक


कोटा, 11 जुलाई (हि.स.)। कोटा के जेके लोन अस्पताल में प्रसूताओं की मृत्यु से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की पहल के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पांच मृतक प्रसूताओं के परिजनों को 5-5 लाख रुपये के सहायता चेक वितरित किए। यह राशि उनकी प्रेरणा से जन सहयोग के माध्यम से एकत्र की गई।

इस दौरान बिरला ने मृतक प्रसूताओं के परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

उन्होंने विशेष रूप से दुधमुंहे बच्चों की देखभाल और परिवार की वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली तथा भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में समाज, सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने पायल के पति पवन मालवी, ज्योति वर्मा के पति रवि नायक, पिंकी के पति चन्द्र प्रकाश, शिरीन के पति मोहम्मद आशु तथा प्रिया महावर के पति रोहित महावर को पांच-पांच लाख रुपए के चेक सौंपे। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि प्रसूताओं के निधन से परिवारों पर गहरा सामाजिक और आर्थिक संकट आया है। ऐसे समय में जन सहयोग से जुटाई गई यह सहायता उनके लिए संबल का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि दुधमुंहे बच्चों के पालन-पोषण, बेहतर शिक्षा और परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की पात्रता आधारित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत हो सके।

इस मानवीय पहल के तहत एएसआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड, गोयल प्रोटीन्स लिमिटेड, एलन करियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड, सीएफसीएल लिमिटेड और इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी ने प्रत्येक परिवार के लिए 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि दुख की इस घड़ी में केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि समाज का साथ और संवेदनशील सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित