home page

लोक कला, संस्कृति और परंपराओं का दिखा अनूठा संगम

 | 
लोक कला, संस्कृति और परंपराओं का दिखा अनूठा संगम


जोधपुर, 20 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय कला मंच द्वारा अतुल्य भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव मरुधर कला संगम 2026 के अंतिम दिन कला, संस्कृति, रचनात्मकता एवं लोकपरंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। एमबीएम विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत तीसरे दिन कला संवाद एवं विभिन्न राज्यों की लोकनृत्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 230 कलाकारों ने सहभागिता से इस महोत्सव को भारतीय सांस्कृतिक विविधता में एक साझा मंच प्रदान किया।

प्रांत कला मंच संयोजक विशाल गौड़ ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन आज समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ ही प्रतिभागी कलाकारों को सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कला मंच द्वारा भारतीय कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन तथा देशभर के युवा कलाकारों को एक मंच पर जोडऩे के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया गया। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) एवं जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों, कला शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महोत्सव का एक विशेष आकर्षण 151 फीट लंबी विशाल चित्रकला का निर्माण रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए चित्रकारों ने सामूहिक रूप से इस विशाल कलाकृति का निर्माण किया। इस चित्रकला के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान, राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक प्रसंगों को कलात्मक स्वरूप दिया गया।

वरिष्ठ कलाकारों ने विद्यार्थियों से किया कला संवाद

महोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं युवा कलाकारों के लिए विशेष कला संवाद का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ कलाकार अमित कल्ला, ऋतु जौहरी, राजकुमार, अंकित शुक्ला एवं राष्ट्रीय कला मंच के राष्ट्रीय संयोजक अभिनव दीप ने विद्यार्थियों के साथ कला के विभिन्न आयामों, समकालीन कला की चुनौतियों, भारतीय कला परंपराओं एवं कलाकारों की सामाजिक भूमिका जैसे विषयों पर संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने वरिष्ठ कलाकारों से अपने प्रश्न साझा किए तथा कला शिक्षा, कला साधना, रचनात्मक दृष्टिकोण एवं भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कला संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुभवी कलाकारों के विचारों एवं अनुभवों से जोडऩा तथा कला के क्षेत्र में नए अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।

अलग-अलग राज्यों की लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत हरियाणा, असम एवं उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंगीत एवं लोकवाद्यों के माध्यम से अपने-अपने प्रदेशों की सांस्कृतिक विशेषताओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने भारत की विविधतापूर्ण लोकसंस्कृति एवं क्षेत्रीय परंपराओं की सुंदर झलक दिखाई। राष्ट्रीय कला मंच देशभर में भारतीय कला, संस्कृति एवं लोकपरंपराओं के संरक्षण, संवर्धन तथा कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों, कला शिविरों, प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं, प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक आयोजनों का संचालन करता रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों के कलाकारों, विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं को जोडक़र एक साझा राष्ट्रीय मंच तैयार करना इसकी प्रमुख पहल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश