home page

पलाना कलां में पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी, अतिक्रमण हटाने और ग्रामसभा की मांग

 | 
पलाना कलां में पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी, अतिक्रमण हटाने और ग्रामसभा की मांग


उदयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर जिले की घासा पंचायत समिति के पलाना कलां गांव में पंचायत प्रशासन के खिलाफ सोमवार को उपसरपंच, वार्ड पंचों और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। विभिन्न समस्याओं का समाधान नहीं होने और सार्वजनिक आबादी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने से नाराज ग्रामीणों ने पंचायत कार्यालय के बाहर धरना दिया और तालाबंदी कर दी।

उपसरपंच पारस खटीक और वार्ड पंचों का आरोप है कि सार्वजनिक आबादी भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर पंचायत स्तर पर पत्र तैयार कर कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन प्रशासक के हस्ताक्षर नहीं होने से मामला आगे नहीं बढ़ सका। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों और कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद कथित अतिक्रमण वाले स्थान पर निर्माण जारी है।

ग्रामीणों के अनुसार हनुमान मंदिर के पास और उसके सामने सार्वजनिक आबादी भूमि पर अतिक्रमण का मामला लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि विकास अधिकारी की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे और ग्राम पंचायत ने निर्माण रोकने का नोटिस भी जारी किया था, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा।

उपसरपंच पारस खटीक ने बताया कि करीब 50 साल से कब्जा था। वर्ष 2021 में शिकायत के बाद पंचायत स्तर पर कार्रवाई कर इसे अवैध अतिक्रमण बताते हुए हटाया गया था। आरोप है कि उसी स्थान पर दोबारा कब्जा कर लिया गया है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब दो साल से ग्रामसभा आयोजित नहीं हुई है। उन्होंने ग्रामसभा बुलाने, अतिक्रमण हटाने और लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।

तालाबंदी की सूचना पर घासा पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद पंचायत कार्यालय का ताला खुलवाया। इसके बाद ग्रामीणों ने कार्यालय के बाहर धरना जारी रखा। मौके पर मावली तहसीलदार कांति चंद, नायब तहसीलदार नंदलाल जोशी और पंचायत समिति के बीडीओ हरीश सोनी भी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश की। ग्रामीणों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता