home page

भाइयों की लड़ाई में काला-गोरा भैरव मंदिर पर लगा ताला

 | 
भाइयों की लड़ाई में काला-गोरा भैरव मंदिर पर लगा ताला


जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। मंडोर गार्डन स्थित प्रसिद्ध काला-गोरा भैरव मंदिर में पूजा के अधिकार को लेकर चल रहा विवाद अब श्रद्धालुओं की परेशानी का कारण बन गया है। दो भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते मंदिर पर ताला लगा दिया गया। इस कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बिना दर्शन किए वापस लौटना पड़ा। हालांकि बाद में पुलिस की समझाइश पर यह ताला खोला गया।

जानकारी के अनुसार काला-गोरा भैरव मंदिर में गहलोत परिवार सालों से पूजा-अर्चना करता आ रहा है। परिवार के दो भाइयों के बीच मंदिर की पूजा और व्यवस्था को लेकर विवाद चल रहा है। छोटे भाई पक्ष का आरोप है कि बड़े भाई के बेटे ने पिछले 4 सालों से मंदिर पर कब्जा कर रखा है और उन्हें मंदिर में प्रवेश करके पूजा करने से रोका जा रहा है। विवाद के बाद छोटे भाई ने कानूनी रास्ता अपनाया और कोर्ट से पूजा करने का आदेश प्राप्त किया लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद मंदिर का ताला नहीं खोला। बड़े भाई के बच्चों की ओर से मंदिर बंद कर दिए जाने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

काला-गोरा भैरव मंदिर जोधपुर के प्रमुख आस्था स्थलों में शामिल है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। नवविवाहित जोड़े यहां शादी के बाद धोक लगाने आते हैं और बच्चों के मुंडन संस्कार सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी मंदिर में किए जाते हैं। मंदिर बंद होने के कारण दूर-दराज से आने वाले भक्तों को निराश होकर लौटना पड़ा। श्रद्धालुओं का कहना है कि पारिवारिक विवाद का असर धार्मिक स्थल और आम लोगों की आस्था पर नहीं पडऩा चाहिए। काला-गोरा भैरव मंदिर में ताला लगने से श्रद्धालुओं में नाराजगी भी देखी गई। विवाद बढऩे के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मंदिर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश