home page

वागड़ की साहित्यिक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच, 17 साहित्यकार सम्मानित

 | 
वागड़ की साहित्यिक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच, 17 साहित्यकार सम्मानित


वागड़ की साहित्यिक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच, 17 साहित्यकार सम्मानित


डूंगरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में अंबामाता स्कीम स्थित शृंगी ऋषि भवन में राष्ट्रीय अधिवेशन, पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश-प्रदेश के 17 वरिष्ठ एवं उभरते साहित्यकारों को विभिन्न स्मृति एवं साहित्यिक सम्मानों से सम्मानित किया गया। राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा चयनित आठ उत्कृष्ट पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

समारोह में धर्मनारायण जोशी, आशीष सिसोदिया, साहित्यकार आशा पांडेय ओझा, कोटा के वरिष्ठ साहित्यकार विजय जोशी सहित शिक्षाविद, समीक्षक और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

समारोह में डूंगरपुर के वरिष्ठ लेखक देवीलाल जोशी की राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा चयनित पुस्तक ‘शुभम् सौंदर्य’ का विमोचन किया गया। रमेश भटनागर द्वारा समीक्षित पुस्तक पर हितेष त्रिवेदी और दीपिका त्रिवेदी सहित उपस्थित विद्वानों ने विचार रखे। वक्ताओं ने इसे सौंदर्यबोध और साहित्य का संगम बताते हुए कहा कि वागड़ अंचल के रचनाकारों का योगदान राजस्थान के समकालीन साहित्य को समृद्ध कर रहा है। इस अवसर पर देवीलाल जोशी के परिजन मोनिका जोशी, हितेष जोशी, प्रफुल्ल जोशी और यशवंत जोशी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में साहित्य सृजन, कला-संस्कृति के संरक्षण और नए लेखकों को प्रोत्साहित करने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय अधिवेशन साहित्यिक चर्चाओं को मंच देने के साथ क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह के समापन पर संस्थान की ओर से अतिथियों, साहित्यकारों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष