home page

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 24 शहरों में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी

 | 
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 24 शहरों में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी


जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव दर्ज किया गया है। सोमवार को चूरू और श्रीगंगानगर सहित कुछ शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक असर देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के 24 शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। सोमवार को चूरू और श्रीगंगानगर में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और काले घने बादलों के साथ मध्यम गति की हवाएं चलीं तथा हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं 36.4 डिग्री सेल्सियस के साथ चित्तौड़गढ़ का दिन सबसे गर्म और 23.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर संभाग तथा शेखावाटी क्षेत्र में नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से मंगलवार को इन क्षेत्रों के साथ भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, ओलावृष्टि और मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 20 से 50 मिमी तक वर्षा दर्ज होने की संभावना है। वहीं 8 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

9 अप्रैल से अगले 3-4 दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए अलर्ट जारी करते हुए सलाह दी है कि खुले में रखी फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें या ढककर रखें, ताकि बारिश से नुकसान से बचा जा सके।

राजधानी जयपुर में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच तेज धूप रही, जिससे अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को यहां भी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश