home page

मार्च का अंत और अप्रेल की शुरूआत आंधी-बारिश से

 | 
मार्च का अंत और अप्रेल की शुरूआत आंधी-बारिश से


जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिम विक्षोभ के असर से मार्च माह का अंत और अप्रेल की शुरूआत आंधी बारिश से होगी। नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से शनिवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। 31 मार्च तक जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश देखने को मिलेगी। अप्रेल माह के पहले सप्ताह में बैक टू बैक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के पश्चिम व उत्तरी भागों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को झुंझुनूं, चूरू और जैसलमेर में मौसम बदला और काले घने बादल छाने के साथ तेज हवाएं चली और हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से रबी की फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भर गया और फसलें पानी में डूब गई। सबसे ज्यादा बारिश पिलानी में 8 मिलीमीटर दर्ज की गई। 36.7 डिग्री के साथ बाड़मेर और 26.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। बादल छाने और बारिश होने से प्रदेश के पारे में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च से राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने तथा मेघगर्जन के साथ तेज आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं दोपहर बाद आंधी-बारिश होने की संभावना है। 29-31 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (40-50 प्रति किलाेमीटर घंटा) व कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। अप्रेल के प्रथम सप्ताह में भी बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए अलर्ट जारी किया है कि खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।

जयपुर में शनिवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे। बादलों के बीच से सूरज की आंखमिचौली भी देखने को मिली। बादल छाने और हल्की हवाएं चलने से दिन के पारे में 1.3 डिग्री की गिरावट और रात के पारे में 1 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.9 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। 29 से 31 मार्च के बीच पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक रहने से जयपुर में आंधी-बारिश की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश