मानसून सात दिन ब्रेक पर, चार सितम्बर से फिर होगा एक्टिव
जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। मानसून आगामी दिन ब्रेक पर रहेगा। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बहुत कम देखने को मिलेगी। चार सितम्बर से मानसून फिर एक्टिव होगा और पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। गुरुवार को 8 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। बारां के छीपाबड़ौद और झालावाड़ के मनोहरथाना में सबसे ज्यादा 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और हल्की धूप खिली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में 1 डिग्री से ज्यादा का उछाल देखा गया है। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.3 और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को डूंगरपुर, बारां, धौलपुर, झालावाड़, करौली और सवाईमाधोपुर में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। बारिश की गतिविधियां थमने के बाद बीसलपुर बांध में भी पानी की आवक कम हो गई है। बांध में एक सेंटीमीटर पानी की आवक हुई। बांध का जलस्तर बढ़कर 314.10 आरएलमीटर हो गया है। वर्तमान में त्रिवेणी 2.40 मीटर पर बह रही है। बारिश की बेरुखी के चलते श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री दर्ज किया गया।
झालावाड़ में कालीसिंध नदी में लगातार पानी आने से बांध का एक गेट खोलकर 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। कोटा के नोनेरा बांध से खोले गए 3 गेट की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई है। नोनेरा बांध से कालीसिंध और चंबल नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। नदी के किनारों पर बसे 25 गांवों में अलर्ट जारी कर नदी और बहाव क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई है।
बांध के जेईएन मनोज चौधरी ने बताया कि पानी की निकासी से कालीसिंध और चम्बल नदी के किनारे बसे गांवों को अलर्ट किया गया है। इधर, कोटा बैराज, जवाहर सागर, बीसलपुर, ईसरदा, गालवा, गुढ़ा बांध में भी पानी की आवक हो रही है, जिससे इन बांधों का जलस्तर बढ़ गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र गुरुवार दक्षिण-पूर्वी यूपी के ऊपर बना हुआ है। बुधवार को पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश बकानी, झालावाड़ में 114 मिमी दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान की सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री दर्ज किया गया। 27 अगस्त से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी देखी गई। भरतपुर, कोटा, जयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई। 28 अगस्त से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज होने तथा कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने की प्रबल संभावना है। सितंबर के प्रथम सप्ताह (4-7 सितंबर) में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में पुन: बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

