(अपडेट) प्रदेश में बारिश का दौर जारी, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय नए मानसून तंत्र के प्रभाव से बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को जयपुर सहित करीब 18 शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 77 मिमी बारिश चित्तौड़गढ़ के डूंगला में दर्ज की गई। दो अन्य शहरों में भी दो इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में आगामी 48 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, डबोक, बाड़मेर, चूरू, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, जालोर, करौली और प्रतापगढ़ सहित अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। डूंगला के अलावा चित्तौड़गढ़ के गंगरार में 50 तथा उदयपुर के कुराबड़ में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों के ऊपर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। 12 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी तथा एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश हो सकती है।
13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने तथा कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। 15 अगस्त से उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर अधिकांश भागों में बारिश में कमी की प्रबल संभावना है।
जयपुर में एक घंटे में 17 मिमी बारिश
जयपुर में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। अचानक अंधेरा छाने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। फागी और आमेर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयपुर में 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। टोंक रोड, अजमेरी गेट, जेएलएन मार्ग, परकोटा, एमआई रोड, गोपालपुरा बाइपास, सी-स्कीम, 22 गोदाम, रामबाग, वैशाली नगर और ट्रांसपोर्ट नगर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

