पश्चिम राजस्थान के शहरों में नजर आने लगा हल्का कोहरा
जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम राजस्थान के कई शहरों में सुबह हल्का कोहरा नजर आने लगा है। आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। इससे पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। प्रदेश के 23 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 11.9 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही।
मौसम विभाग के अनुसार माउंट आबू, फतेहपुर, भीलवाड़ा,डबोक और सीकर का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा अजमेर, अलवर, वनस्थली, जयपुर, पिलानी, कोटा, चित्तौडग़ढ़, पाली, जोधपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, डूंगरपुर, जालौर, सिरोही, प्रतापगढ़ और झुंझुनूं का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश के शहरों के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब मुरासु आ गया। लेकिन इस चक्रवात का असर राजस्थान में नहीं रहेगा। मंगलवार सुबह श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में हल्का कोहरा रहा। सुबह सर्दी भी तेज रही।
36.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 21.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 10 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। दिनभर धूप रहने से मौसम सुहावना रहेगा, जबकि रात में हल्की सर्दी रहेगी। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

