लेपर्ड ने सो रही बुजुर्ग महिला को जबड़े में दबोच 10 मीटर तक घसीटा, बेटे ने बचाई जान
सवाई माधोपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के टोडरा गांव में रविवार देर रात एक लेपर्ड ने घर में घुसकर सो रही 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। लेपर्ड महिला के सिर और गर्दन को जबड़े में दबोचकर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। वह महिला को दीवार फांदकर जंगल की ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बेटे की बहादुरी और परिजनों के शोर मचाने से महिला की जान बच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार टोडरा गांव निवासी लीला देवी (78) रविवार रात घर के चौक में चारपाई पर सो रही थीं। रात में एक लेपर्ड दीवार फांदकर घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। उसने महिला के सिर और गर्दन को अपने जबड़ों में दबोच लिया और करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए दीवार पर चढ़ गया।
महिला की चीख सुनकर बेटा विनोद कुमार और अन्य परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे। विनोद ने साहस दिखाते हुए मां के पैर पकड़ लिए, जबकि परिवार के अन्य लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों की आवाज सुनकर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
इस हमले में महिला के सिर और गर्दन पर लेपर्ड के दांतों से गंभीर घाव हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना से नाराज ग्रामीण सोमवार को बड़ी संख्या में फलोदी रेंज कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और गुस्से में रेंज कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ भी कर दी। सूचना पर रवाजना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार वन विभाग की ओर से तोड़फोड़ को लेकर अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार आवाजाही से लोगों में भय का माहौल है और वन विभाग को जल्द प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
फलोदी रेंज की फॉरेस्टर सुमन गुर्जर ने बताया कि आबादी वाले क्षेत्रों में लेपर्ड की गतिविधियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने के लिए लगातार मुनादी कराई जा रही है। साथ ही वन विभाग की टीमें रात के समय नियमित गश्त कर रही हैं, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

