home page

लैंसकार्ट ड्रेसकोड विवाद : उदयपुर में शोरूम स्टाफ को तिलक लगाकर किया प्रदर्शन

 | 
लैंसकार्ट ड्रेसकोड विवाद : उदयपुर में शोरूम स्टाफ को तिलक लगाकर किया प्रदर्शन


उदयपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। लैंसकार्ट कंपनी के ड्रेसकोड को लेकर देशभर में उठे विवाद की गूंज अब उदयपुर में भी सुनाई दी। शहर के अशोक नगर स्थित माया मिष्ठान के पास बने लैंसकार्ट शोरूम पर बुधवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कंपनी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शोरूम के स्टाफ को तिलक लगाकर उनका सम्मान किया और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के समर्थन का संदेश दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व श्री राम सेना के संस्थापक उमेश नागदा, दीपक सिंह राणा आदि ने किया। इस मौके पर विश्व हिन्दू महासंघ (भारत) के प्रदेश सहसंयोजक विकास गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में लैंसकार्ट कंपनी के ड्रेसकोड को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर विवाद सामने आया था। आरोप लगाए गए थे कि कंपनी ने कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीकों और पारंपरिक चिह्नों को लेकर कुछ प्रतिबंधात्मक भेदभावपूर्ण निर्देश जारी किए थे, जिस पर विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई। बाद में कंपनी की ओर से पॉलिसी में बदलाव किए जाने की बात भी सामने आई।

प्रदर्शन कर रहे पदाधिकारियों ने कहा कि कंपनी ने भले ही अपनी नीति में बदलाव की बात कही हो, लेकिन इस मामले में स्पष्ट जवाब मिलना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि कंपनी से यह पूछा गया है कि ऐसी पॉलिसी आखिर किस सोच के साथ लागू की गई थी और बाद में इसे बदलने का निर्णय क्यों लिया गया।

संगठनों ने कंपनी से इस संबंध में विस्तृत कार्यवाही विवरण भी मांगा है, ताकि कंपनी की नीति और नीयत दोनों स्पष्ट हो सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान किया जाना आवश्यक है और किसी भी संस्था को ऐसी नीतियां लागू करने से पहले समाज की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए। विश्व हिन्दू महासंघ (भारत) के प्रदेश सहसंयोजक विकास गौड़ ने कहा कि यदि इस मामले में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो आगे भी विरोध जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता