home page

राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष पर पहली बार होगा ‘विधायी गौरव यात्रा’ समागम

 | 
राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष पर पहली बार होगा ‘विधायी गौरव यात्रा’ समागम


जयपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा के गठन के 75 वर्ष पूर्ण होने पर 15 जुलाई को पहली बार ‘विधायी गौरव यात्रा’ के तहत वर्तमान और पूर्व विधायकों का ऐतिहासिक समागम आयोजित किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को बताया कि यह अमृत महोत्सव का पहला और विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें वर्तमान एवं पूर्व विधायक, राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा के सांसद भी शामिल होंगे। उन्होंने इसे विधानसभा के इतिहास का अभूतपूर्व और गौरवपूर्ण आयोजन बताया।

देवनानी ने बताया कि समारोह का शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 10 बजे होगा, जबकि समापन समारोह शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे, जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन होंगे।

कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि अमृत महोत्सव के तहत आयोजित इस विशेष समागम में विधानसभा के 75 वर्षों के विधायी सफर पर चर्चा होगी। दो अलग-अलग सत्रों में पूर्व और वर्तमान के 16 अनुभवी विधायक राज्य में पारित 24 महत्वपूर्ण कानूनों पर अपने विचार रखेंगे। समारोह में 100 वर्षीय पूर्व विधायक पंडित रामकिशन सहित अनेक वरिष्ठ पूर्व विधायक भी भाग लेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं, विधायी उपलब्धियों और जनसेवा के संकल्प का उत्सव है। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और वरिष्ठतम विधायकों का विशेष सम्मान किया जाएगा। साथ ही यह आयोजन अनुभव, परंपरा, नवाचार, महिला शक्ति, युवा ऊर्जा और जनविश्वास के समन्वय का साक्षी बनेगा।

देवनानी ने बताया कि जयपुर आने वाले पूर्व विधायकों के ठहरने और आतिथ्य की सभी व्यवस्थाएं विधानसभा सचिवालय की ओर से की गई हैं। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजस्थान विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, ताकि प्रदेशभर के लोग इस ऐतिहासिक आयोजन से जुड़ सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित