home page

भाजपा राज में अस्पताल और स्कूल बन गए मौत के मंडप - नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली

 | 
भाजपा राज में अस्पताल और स्कूल बन गए मौत के मंडप - नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली


अलवर, 06 जुलाई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता और निकम्मेपन का एक और शर्मनाक चेहरा सोमवार को अलवर के काला कुआं सैटेलाइट अस्पताल में सबके सामने आ गया। ओपीडी के दौरान डॉक्टर की टेबल पर सीधे छत का मोटा प्लास्टर और लोहे का पंखा आ गिरा। इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के सिर में गंभीर चोट आई और इलाज कराने आई मासूम बच्ची की नाक फट गई।

जूली बोले सरकार तो अपना बखान करने में व्यस्त है लेकिन शुक्रिया भगवान का बाल-बाल बचे वरना दर्जनों लाशें उठानी पड़तीं।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को भाजपा की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का जीता-जागता सबूत बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

जूली बोले यह हादसा नहीं, हत्या का प्रयास है

जूली ने कहा कि प्रदेश में स्कूलों की छतें बच्चों पर गिर रही हैं, अस्पतालों में आग लग रही है और अब मरीजों के सिर पर अस्पतालों की छतें, पंखे टूटकर गिर रहे हैं। काला कुआं अस्पताल हादसे में डॉक्टर और बच्ची घायल हुए हैं। यह महज लापरवाही नहीं है। यह जनता के जीवन के साथ भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा सीधा आपराधिक खिलवाड़ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अलवर का यह सैटेलाइट अस्पताल, जो जिला अस्पताल के बाद दूसरा सबसे बड़ा सरकारी केंद्र है, पूरी तरह जर्जर हालत में है। यहां रोज हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं। फिर भी हजारों मानव जीवन के प्रति सरकार आंखें मूंदे बैठी है।

खंडहर बन चुके हैं स्कूल और अस्पताल

टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश के अस्पताल अब इलाज और स्कूल पढ़ाई के केंद्र नहीं बल्कि खंडहर और अव्यवस्था का जाल बन चुके हैं।जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, शिशु अस्पताल, हर जगह यही हाल है। इधर बरसात के मौसम में जिले के सबसे बड़े अस्पताल राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर लंबा गड्ढा खोद कर रख दिया है जिससे किसी भी वक्त अप्रिय घटना हो सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हादसे हो रहे है और सरकार कागजी निर्देश देकर सिर्फ लीपापोती कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होता, सरकार की नींद नहीं खुलती। मरीज अस्पताल में इलाज कराने से पहले, अपनी जान बचाने के लिए प्रार्थना करके जाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि काला कुआं सहित प्रदेश के सभी जर्जर अस्पताल भवनों की स्ट्रक्चर ऑडिट रिपोर्ट कब सार्वजनिक होगी? डॉक्टर और बच्ची के इलाज, मुआवजे और दोषी अधिकारियों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा कब दर्ज होगा? मरीजों के सिर पर मौत मंडराने के बावजूद स्वास्थ्य मंत्री और जिम्मेदार मंत्री कब इस्तीफा देंगे?

जूली ने चेतावनी दी कि जनता के हको के लिए कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। सड़क से सदन तक इस मुद्दे को उठाया जाएगा। भाजपा सरकार को बताना होगा कि जनता के टैक्स का पैसा कहां जा रहा है, जब अस्पतालों की छतें तक दुरुस्त नहीं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार