home page

रायपुर में 59 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, चुनावी माहौल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

 | 
रायपुर में 59 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, चुनावी माहौल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन


रायपुर में 59 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, चुनावी माहौल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन


भीलवाड़ा, 06 मई (हि.स.)। जिले के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के रायपुर में बुधवार को 59 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए इसे “अभूतपूर्व विकास” का दौर बताया और आमजन से आगामी पंचायत व नगरीय निकाय चुनावों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक आधारभूत ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ववर्ती सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की स्थिति कमजोर थी, जिसे वर्तमान सरकार ने सुदृढ़ किया है। उन्होंने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सही जनप्रतिनिधि का चयन ही विकास की निरंतरता सुनिश्चित करता है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लें और विकासोन्मुख सरकार का समर्थन करें।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक लादूलाल पितलिया और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनहितकारी बताया तथा विपक्ष पर विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोप लगाए। इस दौरान सार्वजनिक निर्माण, जलदाय, शिक्षा, चिकित्सा, बिजली और पशुपालन विभागों से जुड़े करोड़ों रुपये के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां वितरित कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का संदेश दिया गया। राजनीतिक दृष्टि से यह कार्यक्रम केवल विकास कार्यों का शुभारंभ नहीं, बल्कि चुनावी माहौल में भाजपा की सक्रियता और मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने का प्रयास भी माना जा रहा है। आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश में सियासी सरगर्मियां और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद