home page

महिला अधिवक्ताओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाई अपनी क्षमता

 | 
महिला अधिवक्ताओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाई अपनी क्षमता


जोधपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर के तत्वावधान में महिला अधिवक्ताओं के सर्वांगीण विकास एवं मानसिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से तीन दिवसीय इंडोर एवं आउटडोर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य संयोजक पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिवस बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिला अधिवक्ताओं की चार टीमों जोधपुर लॉयन्स, जोधपुर रॉयल, जोधपुर ब्लू हेवन एवं जोधपुर पावर क्लब ने भाग लिया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जोधपुर लायन्स एवं जोधपुर रॉयल के मध्य खेला गया। फाइनल में जोधपुर रॉयल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 64 रन बनाए, जिसके जवाब में जोधपुर लायन्स ने 65 रन बनाकर शानदार विजय प्राप्त की। द्वितीय दिवस विभिन्न मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें गुब्बारा फुलाने की प्रतियोगिता, दससराज, लेमन रेस एवं पासिंग पिलो गेम शामिल रहे।

तृतीय दिवस श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में पारंपरिक वेशभूषा एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसीजेएम नंबर 5 जोधपुर महानगर रेखा चौधरी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के जीवन में केवल पेशेवर कार्य ही नहीं, बल्कि ऐसे रचनात्मक एवं सांस्कृतिक आयोजन भी मानसिक विकास एवं आपसी समन्वय के लिए अत्यंत आवश्यक है इस प्रकार के आयोजन होने चाहिए।

राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अधिवक्ताओं के व्यस्त एवं तनावपूर्ण पेशेवर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष बुद्धाराम चौधरी, महासचिव डा. विजय चौधरी, कमेटी सदस्य हिमानी पंवार, दामीनी मतर, विक्रमादित्यसिंह तंवर रणजीत सिंह राठौड़ सहित अधिवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य संयोजक शिवानी वैष्णव एवं संयोजक सह-सचिव तक्षेन्द्र शर्मा व कोषाध्यक्ष विजय शर्मा के निर्देशन में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश