home page

शहरी सेवा शिविर का आगाज, एक ही छत के नीचे मिलेगी 10 विभागों की सेवाएं

 | 
शहरी सेवा शिविर का आगाज, एक ही छत के नीचे मिलेगी 10 विभागों की सेवाएं


चित्तौड़गढ़, 12 जून (हि.स.)। राजस्थान सरकार की जनहितैषी पहल के तहत जिले में शुक्रवार से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 का शुभारंभ हो गया। 12 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराना तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

शिविर के प्रथम दिन नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुन कर समयबद्ध समाधान किया जाए। इस दौरान जिला कलक्टर ने आमजन से संवाद कर उनकी शिकायतें और सुझाव भी सुने। शिविर में पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। पट्टे प्राप्त करने वाले नागरिकों ने राज्य सरकार की इस पहल को आमजन के लिए राहतकारी और सुविधाजनक बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।इन शिविरों में राजस्व, नगर परिषद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जलदाय, विद्युत, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय व धन दोनों की बचत होगी। इधर, शहरी सेवा शिविरों के साथ नगर परिषद द्वारा विशेष स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन अभियान की भी शुरुआत की गई है। इसके तहत सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार, नालियों की सफाई एवं मरम्मत, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य शिविर अवधि के दौरान शहर को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। नगर परिषद में आयोजित शिविर के अवसर पर उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल, नगर परिषद आयुक्त रविंद्रसिंह यादव, भाजपा नेता गौरव त्यागी, हर्षवर्धन सिंह, अनिल ईनाणी, कमलेश आमेरिया, रवि विरानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल