संत रविदास समरसता रथों का जयपुर से शुभारंभ, बीकानेर देहात पदाधिकारियों ने की सहभागिता
बीकानेर, 05 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन एवं सामाजिक समरसता रथ शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया सहित जिला पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं दिया कुमारी की उपस्थिति में 25 सामाजिक समरसता रथों का शुभारंभ किया गया। इस दौरान वाराणसी से लाए गए पवित्र कलश जिला संयोजकों एवं जिलाध्यक्षों को सौंपे गए तथा रथों को प्रदेश के 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
श्याम पंचारिया ने बताया कि बीकानेर लोकसभा क्षेत्र के लिए रवाना हुआ सामाजिक समरसता रथ जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगा रथ के साथ आए पवित्र कलशों का विभिन्न संत रविदास मंदिरों, महर्षि वाल्मीकि मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर पूजन-अर्चन किया जाएगा इसके साथ ही रथ नगर निकायों, गांवों एवं विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर संत रविदास महाराज के विचारों एवं सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
संयोजक कुंभाराम सिद्ध ने बताया अभियान के सफल संचालन के लिए विधानसभा स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं तथा प्रत्येक स्थान पर रथ एवं कलश का स्वागत और पूजन किया जाएगा यह अभियान समाज में एकता, भाईचारे और समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में जिला सह संयोजक भोजराज मेघवाल, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री भंवर जांगिड़, ओबीसी मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष विनोद गिरि गोस्वामी सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

