आरएएस परीक्षा-2024 के 74 प्रोविजनल अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ जमा करने का 1 जून को अंतिम मौका
अजमेर, 22 मई(हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा -2024 के साक्षात्कार दौरान प्रोविजनल,सशर्त रूप से पात्र घोषित किए गए अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज़ जमा कराने का अंतिम अवसर दिया गया है।
आयोग सचिव ने बताया कि आरएएस परीक्षा-2024 के साक्षात्कार दौरान पात्रता जांच में जिन अभ्यर्थियों के पास आवश्यक दस्तावेज़ों की कमी थी, उन्हें प्रोविजनल, सशर्त रूप से शामिल किया गया था। इन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय ही व्यक्तिगत रूप से पत्र देकर दस्तावेज़ जमा कराने को कहा गया था। इसके बाद भी आयोग द्वारा स्मरण पत्र जारी कर पर्याप्त अवसर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद 74 अभ्यर्थियों द्वारा अब तक वांछित दस्तावेज़ों की पूर्ति नहीं की गई है। ऐसे सभी अभ्यर्थियों की सूची कारण सहित आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को एसएमएस और ई-मेल के ज़रिए भी सूचित किया गया है।
संबंधित अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध सूची के अनुसार अपने वांछित दस्तावेज़ों की मूल प्रति और स्वप्रमाणित छायाप्रति लेकर 1 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर जमा करवाने जरूरी होंगे। निर्धारित समयावधि तक दस्तावेज़ों की पूर्ति नहीं करने पर पात्रता रद्द करते हुए चयन निरस्त कर दिया जाएगा। आयोग सचिव ने कहा कि इसकी पूरी ज़िम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

