home page

लालगढ़ यार्ड में तकनीकी काम से कल तीन ट्रेनें प्रभावित

 | 
लालगढ़ यार्ड में तकनीकी काम से कल तीन ट्रेनें प्रभावित


जोधपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर मंडल के लालगढ़ यार्ड में तकनीकी कार्य के चलते 14 अक्टूबर को जोधपुर मंडल से संबंधित तीन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें दो ट्रेनें रद्द रहेंगी,जबकि एक ट्रेन आंशिक रूप से संचालित होगी।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार लालगढ़ यार्ड में समपार फाटक संख्या 136 पर आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को जैसलमेर के बजाय बीकानेर से संचालित होगी।

ऐसे में यह ट्रेन जैसलमेर से बीकानेर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 19720 सूरतगढ़-जयपुर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 19719 जयपुर-सूरतगढ़ एक्सप्रेस भी 14 व 15 अक्टूबर को संचालित नहीं होगी। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पूर्ववत हो जाएगा। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

सालासर सुपरफास्ट फुलेरा के रास्ते आएगी

बीकानेर मंडल के लोहारू-परवेजपुर रेलखंड पर समपार फाटक संख्या 124 पर आरयूबी निर्माण के लिए 14 अक्टूबर को ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते जोधपुर से संबंधित दो रेलसेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14824 रेवाड़ी-जोधपुर मेल एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रेवाड़ी के बजाय लोहारू से चलेगी।

इस कारण रेवाड़ी-लोहारू के बीच यह रेलसेवा आंशिक रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22421 दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर सालासर सुपरफास्ट 14 अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-रतनगढ़-डेगाना की जगह परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा-डेगाना होकर चलेगी। इस मार्ग पर ट्रेन का नारनौल, नीमकाथाना, रींगस, फुलेरा, कुचामन सिटी और मकराना में ठहराव रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश