कृष्ण मंदिर में कल मनाया जाएगा राधाष्टमी पर्व
जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। रातानाडा स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में शनिवार को राधाष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। राधाजी के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
मंदिर के पुजारी हरिभाई गोस्वामी ने बताया कि भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को बरसाने में राधा का जन्म हुआ था। जिस दिन राधा का प्राकट्य हुआ, उस दिन को राधाष्टमी के नाम से मनाया जाता है। राधाजी के प्राकट्य दिवस पर यमुनाजी की नौका में राधाजी की दिव्य झांकी सजाई जाएगी। झांकी को लेकर महिला मंडल की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजे सत्संग एवं कीर्तन का आयोजन होगा, जबकि सुबह 9 बजे राधे महारानी की महाआरती की जाएगी। दोपहर 12 बजे श्रीजी का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। राधाष्टमी के अवसर पर सजाई जाने वाली दिव्य झांकी के दर्शन श्रद्धालुओं को पूरे दिनभर होंगे।
बीजेएस कॉलोनी में भी मनाई जाएगी राधाष्टमी
इस बार ब्रिगेडियर जब्बरसिंह पार्क, जेडएसए, बीजेएस कॉलोनी में भी राधाष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक नंदिनी शेखावत ने बताया कि इस अवसर पर दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक संकीर्तन का आयोजन होगा। मान्यता है कि राधा का जन्म भगवान श्रीकृष्ण के साथ सृष्टि में प्रेम भाव और प्रेम के माध्यम से भक्ति भाव को मजबूत करने के लिए हुआ था। कुछ लोगों का मानना है कि राधा एक भाव हैं, जो कृष्ण के मार्ग पर चलने से प्राप्त होता है। जो व्यक्ति कृष्ण के प्रेम में लीन होकर उनके मार्ग पर चलता है, उसे राधा भाव की प्राप्ति होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

