home page

क्रीड़ा भारती के खेल कबड्डी अभियान में महिलाएं भी उतरी मैदान में

 | 
क्रीड़ा भारती के खेल कबड्डी अभियान में महिलाएं भी उतरी मैदान में


जोधपुर, 07 मई (हि.स.)। क्रीड़ा भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे खेल कबड्डी अभियान के अंतर्गत जोधपुर महानगर में कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार उत्साह के साथ किया जा रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित हो रहे इन मुकाबलों में खिलाडिय़ों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विशेष बात यह रही कि महिलाओं की टीमों ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया और पूरे जोश एवं ऊर्जा के साथ कबड्डी खेली।

क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत खेलों के प्रति जागरूकता के उद्देश्य के साथ इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने जन-जागरूकता बढ़ाना है।

इस आयोजन में करीब 400 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें 55 टीमों के मध्य रोमांचक मुकाबले आयोजित हुए। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में 50 से अधिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

महानगर सचिव नीरज कौशिक ने बताया कि इस अवसर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीला आसोपा, महात्मा राजकिय विद्यालय प्राचार्य विनीता चौहान, चंदन सिंह, क्रीड़ा भारती प्रांती सचिव ओमप्रकाश प्रोहित, महानगर कोषाध्यक्ष दुष्यंत व्यास व अन्य मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश