home page

कोटड़ी भट्टी कांड में पटवारी की बर्खास्तगी पर बवाल, पटवार संघ ने हड़ताल की चेतावनी दी

 | 
कोटड़ी भट्टी कांड में पटवारी की बर्खास्तगी पर बवाल, पटवार संघ ने हड़ताल की चेतावनी दी


कोटड़ी भट्टी कांड में पटवारी की बर्खास्तगी पर बवाल, पटवार संघ ने हड़ताल की चेतावनी दी


भीलवाड़ा, 26 जुलाई (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा तहसील स्थित गिरड़िया पटवार हल्के के नरसिंहपुरा गांव में वर्ष 2023 के बहुचर्चित कोटड़ी कोयला भट्टी कांड में तत्कालीन पटवारी हरदेव बैरवा को राजकीय सेवा से बर्खास्त किए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में राजस्थान कानूनगो एवं पटवार संघ तथा कर्मचारी अधिकारी विकास संस्थान ने आंदोलन का ऐलान किया है।

जिला प्रशासन ने 22 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत तत्कालीन गिरड़िया पटवारी हरदेव बैरवा को सेवा से बर्खास्त कर दिया। आदेश सार्वजनिक होने के बाद जिले के पटवारी और कानूनगो संगठनों में नाराजगी फैल गई। राजस्थान कानूनगो एवं पटवार संघ की जिला शाखा की आपात बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारियों के माध्यम से जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करता है तो बुधवार से जिलेभर के पटवारी और कानूनगो पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ का कहना है कि इससे राजस्व कार्य प्रभावित होने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

इधर कर्मचारी अधिकारी विकास संस्थान ने भी पटवारी के समर्थन में आंदोलन का निर्णय लिया है। संस्थान की बैठक में तय किया गया कि सोमवार शाम जिला कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

इस बीच बर्खास्त किए गए पटवारी हरदेव बैरवा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में उन्होंने दावा किया है कि घटना के समय वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था तथा जांच में तहसील और उपखंड प्रशासन ने उन्हें निर्दोष माना था। इसके बावजूद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बिना पर्याप्त आधार के कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में उन्हें हृदयाघात हुआ था तथा स्वास्थ्य लाभ के बाद जून 2026 में उनकी नई पदस्थापना हुई थी।

उल्लेखनीय है कि 2 अगस्त 2023 को नरसिंहपुरा गांव में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को कोयला भट्टी में डालने का मामला सामने आया था। इस घटना के विरोध में कई दिनों तक आंदोलन हुए थे और दोषियों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद