home page

कोटा सिक लाइन का पांच वर्षों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, अप्रैल से सितंबर तक 2,624 माल वैगन किए दुरुस्त

 | 
कोटा सिक लाइन का पांच वर्षों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, अप्रैल से सितंबर तक 2,624 माल वैगन किए दुरुस्त


काेटा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थित सिक लाइन डिपो, कोटा ने सितंबर 2026 में माल वैगन अनुरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। डिपो में सितंबर माह के दौरान 482 सिक माल वैगनों की मरम्मत कर उन्हें फिट किया गया, जो पिछले लगभग पांच वर्षों में किसी एक माह में किया गया सर्वाधिक कार्य है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सिक लाइन में तकनीकी खामियों के कारण परिचालन से बाहर हुए माल वैगनों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत कर उन्हें पुनः सुरक्षित परिचालन के लिए तैयार किया जाता है। सितंबर में प्रतिदिन औसतन 15 से अधिक वैगनों को दुरुस्त कर फिट किया गया। अधिक संख्या में वैगनों के समय पर फिट होने से माल परिवहन के लिए वैगनों की उपलब्धता बढ़ाने और मालगाड़ियों के सुचारु संचालन में सहायता मिलती है।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर तक सिक लाइन डिपो कोटा द्वारा कुल 2,562 सिक माल वैगनों को दुरुस्त कर फिट किया जा चुका है। सितंबर का प्रदर्शन इस छह माह की अवधि में भी सर्वाधिक रहा।

यह उपलब्धि वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट) अक्षत पुंजलोट एवं मंडल यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट) मोक्षत गौतम के मार्गदर्शन में हासिल की गई। इसमें एसएसई प्रभारी आर. एन. कुशवाह, एसएसई हरिओम जाटव एवं जेई राकेश मोहन सोनी सहित सिक लाइन डिपो के सुपरवाइजरों एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता, समन्वय और टीम भावना का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव