home page

मानसून में सुरक्षित रेल संचालन के लिए कोटा मंडल की व्यापक तैयारी, 63 संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी

 | 
मानसून में सुरक्षित रेल संचालन के लिए कोटा मंडल की व्यापक तैयारी, 63 संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी


कोटा, 02 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान वर्षा, आंधी-तूफान और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा और यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल में विशेष निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के निर्देशन में मानसून अवधि के दौरान रेल संरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से अमल किया जा रहा है। इसके तहत मंडल में 63 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर 48 पेट्रोलमैन और 116 वाचमैन तैनात किए गए हैं, जो नियमित मानसून पेट्रोलिंग के माध्यम से रेल पथ की सतत निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंडल में बांध, पुल और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं सहित रेल परिचालन को प्रभावित करने वाले 50 स्थानों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है, जहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा संवेदनशील पुलों पर जलस्तर की वास्तविक समय में निगरानी के लिए छह स्थानों पर वॉटर लेवल अलार्म सिस्टम स्थापित किए गए हैं, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

सौरभ जैन ने बताया कि रेल पथ और यार्ड क्षेत्रों में जलभराव की संभावना को कम करने के लिए नालियों, पुलियों और जल निकासी मार्गों की व्यापक सफाई कराई गई है। वहीं विद्युतीकृत रेलखंडों में ओवरहेड उपकरण, सिग्नल और ट्रैक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई भी कराई गई है। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान संचार एवं सिग्नल प्रणाली को निर्बाध बनाए रखने के लिए सिग्नलिंग केबलों की जांच, मेगरिंग सहित आवश्यक तकनीकी अनुरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित संपर्क बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी सेटों को पूरी तरह कार्यशील और चार्ज अवस्था में रखा गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि कोटा मंडल स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ सतत समन्वय स्थापित कर मानसून के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव