home page

कोटा मंडल में चलती ट्रेनों में पोलियो की दवा पिलाकर रेलवे ने निभाई अहम भूमिका

 | 
कोटा मंडल में चलती ट्रेनों में पोलियो की दवा पिलाकर रेलवे ने निभाई अहम भूमिका


काेटा, 30 जून (हि.स.)। डीआरएम अनिल कालरा एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रभारी डॉ. मनीषा शर्मा के निर्देशन में पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल में तीन दिनाें तक चलाया गया राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। तीन दिवसीय इस अभियान के दौरान मंडल में कुल 4,741 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई।

अभियान की विशेष उपलब्धि यह रही कि यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों के बच्चों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रेलवे द्वारा विशेष मोबाइल टीमें गठित की गईं, जिन्होंने चलती ट्रेनों में सवार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। इन टीमों ने रुठियाई एवं चितौड़गढ़ दिशा में संचालित लोकल ट्रेनों 19818 (यमुना ब्रिज आगरा–रतलाम हल्दीघाटी एक्सप्रेस), 19817 (रतलाम–आगरा फोर्ट हल्दीघाटी एक्सप्रेस), 11603 (कोटा–बीना मेमू एक्सप्रेस) एवं 11604 (बीना–कोटा मेमू एक्सप्रेस) में यात्रा के दौरान बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर सुरक्षा कवच प्रदान किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों के 1,006 तथा गैर-रेलवे परिवारों के 3,735 बच्चों सहित कुल 4,741 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे हॉस्पिटल द्वारा स्थापित विशेष कैंप में मेडिकल टीम 24 घंटे शिफ्ट में तैनात रही, वहीं एमबीएस हॉस्पिटल की ओर से भी कोटा स्टेशन पर अलग पोलियो बूथ संचालित किया गया।

मंडल के न्यू कोटा, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, बाराँ एवं बयाना सहित समस्त प्रमुख स्टेशनों पर भी टीकाकरण बूथ संचालित किए गए, जिससे यात्रा कर रहे एवं रेलवे परिवारों के अधिकतम बच्चों को अभियान के दायरे में लाया जा सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव