home page

दिव्यांग यात्रियों की सहायता: पायलट प्रोजेक्ट के सफल होने पर स्थापित होगा सहायता बूथ

 | 
दिव्यांग यात्रियों की सहायता: पायलट प्रोजेक्ट के सफल होने पर स्थापित होगा सहायता बूथ


काेटा, 25 जून (हि.स.)। दिव्यांग यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर अधिक सुगम, सुलभ एवं सम्मानजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इस क्रम में कोटा रेल मंडल द्वारा समाजसेवी संस्था लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा समिति के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस एमओयू के तहत संस्था द्वारा नामित एक दिव्यांगजन कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा। उक्त दिव्यांगजन स्टेशन पर आने वाले दिव्यांग यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगा तथा उन्हें व्हीलचेयर सुविधा उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसर में विभिन्न यात्री सुविधाओं तक पहुंच बनाने एवं यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आगामी जुलाई माह से प्रारंभ किए जाने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग यात्रियों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिव्यांगजनों को सार्थक सेवा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है।

जैन ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के सफल संचालन एवं यात्रियों से प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में कोटा रेलवे स्टेशन पर समर्पित दिव्यांगजन सहायता बूथ स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी इस प्रकार की व्यवस्था विकसित किए जाने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।

रेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल दिव्यांग यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ रेलवे सेवाओं को और अधिक समावेशी एवं दिव्यांगजन अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव