home page

कोटा मंडल ने मालगाड़ी संचालन में बनाया नया कीर्तिमान, एक दिन में 62 मालगाड़ियों का इंटरचेंज

 | 
कोटा मंडल ने मालगाड़ी संचालन में बनाया नया कीर्तिमान, एक दिन में 62 मालगाड़ियों का इंटरचेंज


कोटा, 19 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों के बीच मालगाड़ी संचालन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने रुठियाई इंटरचेंज पॉइंट पर एक ही दिन में 62 मालगाड़ियों का इंटरचेंज कर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा 13 जुलाई को 33 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर तथा 52 क्रैक ट्रेनों के सफल संचालन का भी नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि 10 जुलाई 2026 को रुठियाई इंटरचेंज पॉइंट पर 31 मालगाड़ियों का प्रेषण और 31 मालगाड़ियों की प्राप्ति सहित कुल 62 मालगाड़ियों का इंटरचेंज किया गया, जो अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड है। इससे पहले 26 जून 2026 को 57 तथा 26 मार्च 2023 को 52 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का रिकॉर्ड था। उन्होंने बताया कि मंडल ने 13 जुलाई 2026 को एक ही दिन में 33 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर कर एक और नया कीर्तिमान स्थापित किया। इससे पहले 10 जुलाई 2026 को 31 मालगाड़ियों की हैंडिंग-ओवर का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।

सौरभ जैन ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से कोटा-रुठियाई रेलखंड पर भारी मालगाड़ी यातायात के कारण कंजेशन की स्थिति बनी हुई थी। वहीं, इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों की अपेक्षाकृत कम संख्या के कारण रनिंग क्रू के मूवमेंट पर भी असर पड़ रहा था। ऐसी परिस्थितियों में परिचालन नियंत्रण ने टीआरओ तथा संबंधित रेल मंडलों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक मालगाड़ी की लगातार निगरानी की। विभिन्न स्थानों पर होने वाले विलंब का विश्लेषण कर गाड़ियों का सुनियोजित नियमन सुनिश्चित किया गया, जिससे यह उपलब्धि हासिल हो सकी।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कहा कि प्रतिकूल परिचालन परिस्थितियों के बावजूद बेहतर समन्वय, सुनियोजित कार्यप्रणाली और सतत निगरानी के बल पर यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को मंडल द्वारा 52 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन भी किया गया, जिससे कंजेशन के दौरान भी मालगाड़ियों का निर्बाध संचालन बनाए रखने और रनिंग क्रू की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिली।

उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड स्तर पर इंटरचेंज, हैंडिंग-ओवर और क्रैक ट्रेनों के संचालन से मालगाड़ियों के निर्बाध परिचालन, संसाधनों के अधिकतम उपयोग, कंजेशन में कमी तथा मंडल की समग्र परिचालन दक्षता को और मजबूती मिली है। यह उपलब्धि पश्चिम मध्य रेलवे की सुरक्षित, समयबद्ध और विश्वसनीय माल परिवहन सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव