‘राजस्थान को जानें’ क्विज शुरू, मुख्यमंत्री ने युवाओं से अधिक भागीदारी का किया आह्वान
जयपुर, 15 मार्च (हि.स.)। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशवासियों के लिए एक विशेष ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ‘राजस्थान को जानें’ क्विज शुरू की गई है। इस पहल की शुरुआत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की और प्रदेश के युवाओं तथा जागरूक नागरिकों से इसमें अधिकाधिक भाग लेने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह क्विज प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और विकास से लोगों को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि युवा इस प्रश्नोत्तरी में भाग लेकर राजस्थान को बेहतर तरीके से जान सकते हैं और ‘विकसित राजस्थान-2047’ के विजन को साकार करने में सहभागी बन सकते हैं।
राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत इस प्रश्नोत्तरी को तैयार किया गया है। इसे आईटी, राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन और शिक्षा विभाग की सहभागिता से बनाया गया है।
क्विज को दो मुख्य भागों में विभाजित किया गया है। राजस्थान को जानें’ सेक्शन में राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, भौगोलिक विशेषताएं, महापुरुषों का जीवन, राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, खेल प्रतिभाएं और विशेष पुरस्कारों से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए हैं।
जबकि ‘विकसित राजस्थान-2047’ सेक्शन में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक विकास, स्थानीय सरकार, शिक्षा, जल प्रबंधन, उद्योग, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और राज्य के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रदेश के नागरिक और युवा 15 से 19 मार्च तक इस ऑनलाइन क्विज में भाग ले सकते हैं।
इसके लिए प्रतिभागियों को quiz.rkcl.in वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।
रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतिभागियों को 15 मिनट में 25 प्रश्नों का उत्तर देना होगा। क्विज पूरी करने के बाद प्रतिभागी अपने उत्तरों की समीक्षा भी कर सकेंगे। क्विज सफलतापूर्वक पूरी करने वाले प्रतिभागियों को राजस्थान सरकार और राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
राजस्थान दिवस के अवसर पर शुरू की गई यह पहल युवाओं को प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और विकास की दिशा में जागरूक बनाने के साथ-साथ राज्य के भविष्य के विजन से जोड़ने का प्रयास है। सरकार को उम्मीद है कि इसमें बड़ी संख्या में युवा और नागरिक भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

