home page

एआर तकनीक से बिना प्लेट-स्क्रू निकाले हुआ घुटने का प्रत्यारोपण

 | 
एआर तकनीक से बिना प्लेट-स्क्रू निकाले हुआ घुटने का प्रत्यारोपण


जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर में अत्याधुनिक ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) तकनीक की मदद से 72 वर्षीय महिला के घुटने का जटिल प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। विशेष बात यह रही कि मरीज के घुटने में पहले से लगे प्लेट और स्क्रू को हटाए बिना ही सर्जरी पूरी की गई।

वरिष्ठ जोड़ प्रत्यारोपण एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विजय शर्मा ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले फ्रैक्चर के उपचार के दौरान मरीज के घुटने में प्लेट और स्क्रू लगाए गए थे। बाद में ऑस्टियोआर्थराइटिस के कारण घुटने में तेज दर्द, टेढ़ापन और चलने-फिरने में परेशानी होने लगी। पारंपरिक पद्धति से ऐसे मामलों में सर्जरी चुनौतीपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि एआर तकनीक के तहत स्मार्ट ग्लास और लाइव 3डी एनाटॉमिकल मैपिंग की सहायता से इम्प्लांट की सटीक पोजिशनिंग की गई। इस तकनीक में सीटी स्कैन की आवश्यकता नहीं होती और यह कई मामलों में पारंपरिक रोबोटिक सिस्टम से अधिक सरल, किफायती और सटीक मानी जाती है। सर्जरी के मात्र 10 घंटे बाद ही मरीज चलने लगी। इस सर्जरी में डॉ. मनीष गुप्ता और एनेस्थीसिया टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अस्पताल के निदेशक बलविंदर सिंह वालिया और क्लीनिकल डायरेक्टर डॉ. प्रदीप कुमार गोयल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को सुरक्षित और विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश