हनुमत जन्मोत्सव पर खोले के हनुमान मंदिर में पहली बार होगा राम यज्ञ
जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय की कामना के साथ श्री खोले के हनुमान मंदिर में हनुमत् जन्मोत्सव के उपलक्ष में 29-30 मार्च को द्विदिवसीय राम यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसमें सवा लाख आहुतियां दी जाएंगी। पंच दिवसीय हनुमत् जन्मोत्सव के तहत मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान , भजन संध्या सहित अनेक आयोजन होंगे।
श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि श्री खोले के हनुमान जी के चरणों में संस्थापक ब्रह्मलीन पं. राधेलाल चौबे की प्रेरणानुसार यह आयोजन होगा। सनातन परम्परा में यज्ञ को सर्वश्रेष्ठ कर्म कहा है। यज्ञादि परम्परा अनादिकाल से चली आ रही है। यज्ञ में जिस देवता को आहुति दी जाती है, वह प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते ही हैं। साथ ही वातावरण शुद्ध और पवित्र होता है। यह विज्ञान ने भी सिद्ध किया है। राम यज्ञ में राम स्तुति से हनुमान जी ही नहीं अपितु, सभी देवी-देवता प्रसन्न होते हैं।
बृजमोहन शर्मा ने बताया कि हनुमत् जन्मोत्सव के तहत 30 मार्च की संध्या में पद्मश्री गुलाबो सपेरा द्वारा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। 31 मार्च की शाम 7 बजे भारतीय कला संस्थान डीग के कलाकारों द्वारा श्री कृष्ण लीला एवं महारास विष्णु शर्मा एवं अशोक शर्मा के संयोजन में प्रस्तुत करेंगे। बुधवार 1 अप्रैल को सुपर स्टार सिंगर फेम आकांक्षा राव भजन गायन करेगी। इसी दिन कहरवा म्युजिक अकादमी के प्रसिद्ध तबला वादक पं. विजय सिद्ध , विख्यात गायक पं. विजयेन्द्र गौतम भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे। पंच दिवसीय हनुमत् जन्मोत्सव के अन्तिम दिन 2 अप्रैल की शाम 7 बजे श्री श्याम ज्योति भजन संध्या परिवार मनोहारी भजनों की प्रस्तुति देगा।
इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन और हनुमत् जन्मोत्सव पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। वृद्धजन, असहाय के लिए मंदिर परिसर में बैटरी चलित वाहनों की व्यवस्था रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

